मध्य प्रदेश सरकार ने एससी-एसटी एक्ट
में बदलाव को लेकर पिछले साल दो अप्रैल को हुए भारत बंद प्रदर्शन में शामिल
दलितों के ख़िलाफ़ दर्ज मुकदमे वापस लेने का फ़ैसला किया है.
राज्य की नयी कमलनाथ सरकार ने बहुजन समाज पार्टी सुप्रीमो मायावती के बयान के 24 घंटों के भीतर ये फ़ैसला किया है. सोमवार को मायावती ने एक बयान जारी कर कहा था कि अगर मध्य प्रदेश और राजस्थान सरकार ने दलितों के ख़िलाफ़ चल रहे केसों को वापस नहीं लिया तो बसपा राज्यों की कांग्रेस सरकार से समर्थन वापस लेने पर विचार कर सकती है.
वहीं, राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने भी कहा है कि उनकी सरकार भी इस मामले को देखेगी और किसी भी बेगुनाह शख़्स के साथ नाइंसाफ़ी नहीं होगी.
उन्होंने मीडिया से कहा कि मायावती की मांग 'सामान्य' है और वह अपना काम कर रही हैं और समर्थन के लिए उनका धन्यवाद करते हैं.
नए साल के मौक़े पर लखनऊ में पार्टी मुख्यालय में एक कार्यक्रम के दौरान समाजवादी पार्टी संरक्षक मुलायम सिंह यादव ने पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव को कहा कि वह ईमानदारी से अपना काम नहीं कर रहे हैं.
मुलायम ने कहा कि लोकसभा चुनावों के लिए बीजेपी ने जितनी तैयारी कर ली है उतनी तैयारी किसी पार्टी ने नहीं की है.
उनके भाषण के दौरान कार्यकर्ताओं ने अखिलेश यादव की 'जय' के नारे लगाए तो उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं को फटकार लगाते हुए कहा कि वह अप्रासंगिक नारे न लगाएं और जब नेता बोलते हों तो उन्हें सुनें.
साथ ही उन्होंने कहा कि अखिलेश को ज़िम्मेदारियां उठानी चाहिए और एक परिपक्व नेता की तरह व्यवहार करना चाहिए.
आम चुनावों से पहले दलित समुदाय के बीच अपनी पैठ मज़बूत करने के लिए बीजेपी रविवार छह जनवरी को दिल्ली में होने वाली रैली के लिए 3,000 किलो खिचड़ी बनाएगी. इसकी ख़ास बात यह है कि इसके लिए चावल और दाल दलितों के घर से ही इकट्ठा किया जाएगा.
दिल्ली बीजेपी एससी मोर्चा के सदस्य इस सामान को इकट्ठा करेंगे. रामलीला मैदा में होने वाली भीम महासंगम रैली में इस खिचड़ी को 'समरसता खिचड़ी' नाम से परोसा जाएगा. इस रैली को पार्टी अध्यक्ष अमित शाह संबोधित करेंगे.
दिल्ली बीजेपी एससी मोर्चा के अध्यक्ष मोहनलाल गिहारा कहते हैं कि उन्होंने दो लाख दलित परिवारों को चिन्हित किया है और उनका लक्ष्य तीन लाख परिवारों तक पहुंचना है, साथ ही इस खिचड़ी को गिनीज़ बुक ऑफ़ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में दर्ज भी कराया जाएगा.
No comments:
Post a Comment